परीक्षा शुरू होने के 1 घंटे बाद नया पेपर भेजकर कराई परीक्षा
अलवर| राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय का सोमवार को हुआ आठवें सेमेस्टर का पेपर उस समय विवादों में आया जब बच्चों ने प्रश्न पत्र को आउट ऑफ सिलेबस बताया। यूनिवर्सिटी ने तुरंत प्रदेश में तमाम परीक्षा केंद्रों को नया पेपर ईमेल के जरिए भेजकर परीक्षा आयोजित कराई। दरअसल सोमवार को इंजीनियरिंग के आठवें सेमेस्टर की सीएस एंड आईटी का पेपर था। पेपर निर्धारित समय 10.30 पर शुरू हुआ, लेकिन करीब साढ़े ग्यारह बजे बच्चों ने पेपर को सिलेबस से बाहर होना बताया और एतराज जताया। इसकी रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को दी गई। यूनिवर्सिटी ने सभी केंद्रों को नया पेपर ईमेल के जरिए भेजकर परीक्षा कराई। परीक्षा नियंत्रक ए के द्विवेदी का कहना है कि करीब 10-12 परीक्षा केंद्रों से प्रश्न पत्र आउट ऑफ सिलेबस होने की सूचना मिलने के बाद हमने तुरंत नया पेपर भेज दिया। सभी छात्रों को समय भी पूरा 3 घंटे तक का दिया। अलवर में यह परीक्षा 3 बजे जाकर समाप्त हुई।