रेल लाइन में फंसकर दोनों पैर कटे पौने किमी घिसटकर सड़क तक पहुंचा
मजदूरी करने के बाद घर लौटने की जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक व्यक्ति का पैर रेल लाइन के बीच फंस गया। तभी एक ट्रेन आ गई और इस व्यक्ति के दोनों पैर व हाथ की तीन अंगुलियां कट गई। हादसा रविवार शाम को हुआ। रातभर यह व्यक्ति पटरियों के पास पड़ा रहा और दर्द से तड़पते हुए मदद के लिए चिल्लाता रहा। सुबह पांच बजे वह करीब पौन किलोमीटर तक घिसटता हुआ सड़क तक पहुंचा तो राहगीरों की निगाह उस पर पड़ी। इसके बाद उसे सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
सदर थाना पुलिस ने बताया कि तूलेड़ा गांव निवासी रामकिशन जाटव (47) बेलदारी का काम करता है। वह कटोरी वाला तिबारा के पास काम करके शाम को पैदल घर लौट रहा था। शॉर्ट कट के चक्कर में रामकिशन पटरियों को पार कर जा रहा था। इसी दौरान रामकिशन का पैर रेल लाइन के बीच फंस गया। पैरों को निकालने की उसने काफी कोशिश की लेकिन निकाल नहीं पाया। कुछ देर बाद ट्रेन आ गई और रामकिशन के दोनों पैर एवं एक हाथ की तीन अंगुलियां कट गई। हादसा ऐसी जगह हुआ जहां से लोगों का आना-जाना नहीं है।
हादसे के बाद वह मदद के लिए चिल्लाता रहा लेकिन किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। रातभर उसने ऐसे ही गुजारी। सुबह होने पर उसने हिम्मत की और घिसटता हुआ पौन किलोमीटर दूर सड़क के पास तक आ गया।
सुबह पांच बजे आइस फैक्ट्री के लिए जा रहे एक गाड़ी वाले ने उसे देखा। उसने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस को बुलवा कर रामकिशन को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।