अलवर| सदर थाना पुलिस ने अपनाघर शालीमार के पास स्थित अल-लजीज रेस्टोरेंट पर बाइक पर आए दो युवकों ने पत्थर मारकर शीशा तोड़ने एवं वारदात के पीछे सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भडाना के बेटे धीरेंद्र भड़ाना के शामिल होने के संदेह के मामले की जांच में जुट गई। मामले के जांच अधिकारी महेंद्र राठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रेस्टोरेंट के शीशे फोड़ने वाले युवकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे है। जबकि मामले की जांच के लिए मंत्री के आरोपी बेटे धीरेंद्र भड़ाना से जल्द ही पूछताछ की जाएगी। मगर, पुलिस को घटना के दूसरे दिन भी रेस्टोरेंट के शीशे फोड़ने वाले बदमाशों कोई सुराग नहीं लग सका है। जानकारी के अनुसार, सामान्य प्रशासन मंत्री हेम सिंह भड़ाना इस मामले को शांत कराने के लिए प्रयासरत है। साथ ही मंत्री ने अपने परिचित व्यक्तियों से भी रेस्टोरेंट मालिक इमरान खान को फोन करवाने के साथ केस वापस लेने का दबाव बनाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे रेस्टोरेंट मालिक इमरान के पास एक व्यक्ति ने फोन किया था। जिसने इमरान को केस वापस लेने के लिए बोला और कहा कि मंत्री का उसके पास कई बार फोन आ लिया है। कोई भी छोरा तेरे रेस्टोरेंट पर कभी नहीं आएंगे और आएंगे तो खाने के पैसे देंगे। गौरतलब है कि गुरुवार को रेस्टोरेंट मालिक सूर्य नगर निवासी इमरान खान ने सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भडाना के बेटे धीरेंद्र भडाना पर शीशा तोड़ने का संदेह जाहिर करते हुए बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस कहती रही तफ्तीश जारी है पर जांच के नाम कुछ नहीं हुआ : पुलिस ने रेस्टोरेंट का पत्थर मार कर शीशे फोड़ने की वारदात की जांच में अभी तक कुछ भी नहीं किया। हालांकि पुलिस यह जरूर कहती रही कि मामले की तफ्तीश की जारी है। मगर, पुलिस द्वारा अभी तक क्या तफ्तीश की गई है। इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। जबकि जांच अधिकारी भी मामले की जानकारी देने में आनाकानी करते दिखाई दिए।