अवैध हथियारों के साथ हरियाणा के सरपंच सहित पांच गिरफ्तार
राजस्थान के सीकर जिले के पाटन थाने की पुलिस ने शुक्रवार रात को हरियाणा के नांगल चौधरी इलाके के गांव जैनपुर बास के सरपंच राजेश गुर्जर समेत पांच लोगों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे मुखबिर से सूचना मिली कि करजो से पाटन की तरफ आ रही सफेद रंग की स्काॅर्पियो में कुछ लोग हथियारों के साथ बैठे शराब पी रहे हैं। इस पर पुलिस ने करजो मोड़ पर नाकाबंदी कर गाड़ी रुकवाने का प्रयास किया तो बदमाश गाड़ी वापस भगाकर ले जाने लगे। पुलिस ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर स्काॅर्पियो रुकवाई। उसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो गाड़ी में बैठा जैनपुर सरपंच रोब झाड़ने लगा। बाद में पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें बैठे बबेड़ी-हरसौरा निवासी मुकेश उर्फ मक्खन लाल पुत्र छीतरमल गुर्जर के पास से देशी पिस्टल मय मैगजीन मिली। पुलिस ने पिस्टल को अपने कब्जे में लेकर गाड़ी में बैठे अन्य लोगों की तलाशी लेना शुरू किया तो जैनपुर सरपंच राजेश पुत्र दाताराम गुर्जर के पास से एक देशी 12 बोर की बंदूक और पेंट की जेब में तीन जिंदा कारतूस मिले, वहीं आलनपुर हरसौरा-अलवर निवासी धर्मपाल पुत्र बिड़दाराम गुर्जर के पास से दो जिंदा कारतूस मिले। पीछे की सीट पर बैठे नांगल दरगू नांगल चौधरी-हरियाणा निवासी सुरेंद्र पुत्र शिवलाल गुर्जर और विक्रम पुत्र नारायणदत्त शर्मा से तीन जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपियों को शनिवार को मजिस्ट्रेट लक्ष्मणगढ़ के सामने पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है।