ध्वज पदयात्रा में पुलिस ने डीजे बंद कराया, आगे चलकर फिर बजाने लगे
पुलिस ने धारा 144 लगी होने के कारण शनिवार को अलवर से भर्तृहरि जा रही ध्वज पदयात्रा में बज रहे डीजे को बंद करा दिया। कुछ देर बाद डीजे फिर बजना शुरू हो गया। भर्तृहरि ध्वज पदयात्रा सेवा समिति की ओर से यह पदयात्रा निकाली जा रही थी। रविवार को पदयात्री भर्तृहरि से वापस अलवर के लिए रवाना होंगे। मुख्य अतिथि सीए श्रीकिशन गुप्ता ने दोपहर को झंडी दिखाकर राजर्षि अभय समाज स्थित भर्तृहरिधाम से पंचम ध्वज पदयात्रा भर्तृहरि के लिए रवाना की। पदयात्रा जब पुलिस कंट्रोल रूम के आगे से जा रही थी, तो पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए पदयात्रा में बज रहे डीजे को बंद करा दिया। पदयात्रा पुलिस कंट्रोल से कुछ दूर आगे बढ़ी, तो फिर से डीजे बजाना शुरू कर दिया। पदयात्रा में दो घोड़े, ढोल, ध्वज लिए श्रद्धालु व भर्तृहरि बाबा का रथ शामिल था। पदयात्रा का कई जगह स्वागत किया गया। राजर्षि अभय समाज के सचिव महेश शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह श्रद्धालु भर्तृहरिधाम में पूजा करेंगे। इसके बाद भंडारा होगा। इस अवसर पर पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
भर्तृहरि जा रही ध्वज पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु।