कीर्तन दीवान सजा, जत्थों ने किया कीर्तन
मस्कीनजी गुरुद्वारे में सजे कीर्तन दीवान में गुरबाणी गाता भाई सुमति जत्था।
अलवर | टेल्को चौराहे के पास स्थित ज्ञानी संतसिंह मस्कीन गुरुद्वारे में वैशाखी के उपलक्ष्य में शनिवार शाम कीर्तन दीवान सजा। शाम को गुरुसेवक कीर्तन जत्था द्वारा सुखमनी साहिब के पाठ के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। रहिरास साहिब के पाठ के बाद कीर्तन दीवान सजा, जिसमें सुरेंद्र सिंह मिट्ठा टिवाणा, भाई पवनदीप सिंह कानपुरी, भाई सुमीत सिंह पटियाला, ढाढ़ी जत्था जसवीर सिंह मुक्तसर व स्थानीय जत्थों ने गुरबाणी का कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस अवसर पर आयोजित लंगर भी हुआ। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं व 12वीं की परीक्षा में 75 प्रतिशत व अधिक नंबर प्राप्त करने वाले 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। संगत ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर मन्नत मांगी। संचालन वरियाम सिंह ने किया।