सर्व समाज में बनाओ भाईचारा, संगठित होकर करो संघर्ष : धर्मवीर सिंह अशोक
अलवर | बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे सर्व समाज में भाईचारा बनाओ अभियान के तहत डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक व आर्थिक परिवर्तन एवं संकल्प यात्रा बुधवार को अलवर पहुंची। इस दौरान यात्रा का रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया गया। शहर में खुदनपुरी के अंबेडकर पार्क में सभा हुई। प्रदेश स्तरीय इस यात्रा के मुख्य मार्गदर्शक उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं दिल्ली, उड़ीसा एवं राजस्थान प्रभारी रहे धर्मवीर सिंह अशोक थे। यात्रा का नेतृत्व विधायक दल के नेता खेतड़ी विधायक पूरणमल सैनी व सादुलशहर विधायक मनोज न्यांगली कर रहे हैं। जिले में बहरोड़ से यात्रा ने प्रवेश किया। यहां से बर्डोद, सोड़ावास, ततारपुर चौराहा होती हुई अलवर शहर में आई। यहां अंबेडकर सर्किल पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा खुदनपुरी के अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां हुई सभा में धर्मवीर सिंह अशोक ने सर्व समाज में भाईचारा बनाने, संगठित होकर संघर्ष करने की नसीहत दी। उन्होंने संकल्प यात्रा के मुद्दों पर बारे में बताया। उन्होंने 2 अप्रैल को झाड़ोली के पवन के मामले में प्रशासन से उसे शहीद का दर्जा, आर्थिक सहायता देने एवं बेकसूर लोगों पर लगाए झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग की। विधायक मनोज न्यांगली ने सर्व समाज में भाईचारा बनाने का संदेश देते हुए इस बार विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। जनसभा के बाद यात्रा बहाला, बगड़ तिराया, सहजपुर और बड़ौदामेव पहुंची। यहां भी सर्व समाज ने यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का अलवर पहुंचने पर जगदीश प्रसाद मेहरा जोनल प्रभारी, जितेंद्र सैनी जिलाध्यक्ष, हरीश कुंद्रा जिला महासचिव, लक्ष्मणसिंह चौधरी विधानसभा रामगढ़ कोऑर्डिनेटर, रामनाथ मेघवाल जिला प्रभारी, निक्की देवी बसपा युवा नेता, महेंद्र मेहरा शहर प्रभारी, बाबूलाल बौद्ध अलवर शहर अध्यक्ष, ओमवीर बहरोड़ अध्यक्ष, पूरणमल अलवरिया जिला प्रभारी बहरोड़, लक्ष्मीदेवी विधानसभा महासचिव अलवर शहर, माया देवी बीवीएफ संयोजिका अलवर शहर, कमलकांत मेहरा जिला सचिव, सहीराम जाजोरिया जिला प्रभारी, बनवारी लाल विधानसभा प्रभारी रामगढ़ आदि ने स्वागत किया।