मोटापा, तनाव, धूम्रपान व अनिद्रा हैं उच्च रक्तचाप के मुख्य कारण
अलवर | रेशमदेवी नानक चंद मित्तल फाउंडेशन के मुख्य ट्रस्टी डॉ. एससी मित्तल ने कहा कि उच्च रक्तचाप के प्राथमिक कारण अज्ञात होते हैं, लेकिन अल्प खुराक, मोटापा, धूम्रपान, शराब, अनिद्रा, तनाव, असंतुलित आहार आदि मुख्य कारण हैं। डॉ. मित्तल ने बुधवार को मित्तल हॉस्पिटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उच्च रक्तचाप से ही गुर्दे की बीमारी, दिल की विफलता, स्ट्रोक, आंखों की बीमारी, उच्च कोलेस्ट्रॉल, चक्कर आना, बेचैनी आदि समस्याएं पैदा होती हैं। स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. चारू जौहरी ने कहा कि गर्भावस्था में ब्लड प्रेशर खतरनाक है। इसमें महिलाओं को दौरे भी आ सकते हैं। ब्लड प्रेशर से मां व बच्चे दोनों को खतरा हो सकता है। आईसीयू इंचार्ज डॉ. हिमांशु सक्सेना ने कहा कि वर्तमान में ब्लड प्रेशर आम बीमारी है, लेकिन इस पर दवा से आसानी से नियंत्रण रखा जा सकता है। समय पर दवा नहीं लेने पर मरीज के अंगों को क्षति हो सकती है। हॉस्पिटल प्रशासक गिरीश गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर सुबह 6.45 से 7.45 बजे तक कंपनी बाग में और सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक मित्तल हॉस्पिटल में निशुल्क रक्तचाप व मधुमेह जांच शिविर लगाया जाएगा।