पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • स्टेरॉयड पाउडर खाने से डेढ़ साल में खराब हुए फौजी और युवक के हिप्स, ढाई लाख में बदले

स्टेरॉयड पाउडर खाने से डेढ़ साल में खराब हुए फौजी और युवक के हिप्स, ढाई लाख में बदले

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
युवा बॉडी और मसल्स बनाने के लिए स्वास्थ्य के लिए हानिकारक स्टेरॉयड की गिरफ्त में आ रहे हैं। कई युवा तो फिटनेस सेंटर और झोलाछाप के चक्कर में फंसकर अपने शरीर के ज्वांइट्स खराब कर बैठे हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह नहीं लेने का परिणाम यह रहा कि कई युवाओं को स्टेरॉयड से करीब एक से डेढ़ साल में खराब हुए हिप्स ज्वाइंट को बदलने में ढाई से तीन लाख रुपए खर्च करने पड़े हैं। शहर के गीतांजलि हॉस्पिटल में पहुंचे इटाराना में तैनात एक फौजी ने कमांडो ट्रेनिंग के लिए जाने से पहले शरीर को सुडौल बनाने के लिए स्टेरॉयड की लत लगा ली, लेकिन एक साल में वह हड्डियों के ज्वाइंट खराब कर बैठा। वहीं बांबोली के एक युवक ने बॉडी बिल्डर बनने के लिए एक झोलाछाप डॉक्टर के झांसे में आकर स्टेरॉयड का सेवन किया। एक से डेढ़ साल में इस युवक के हिप्स ज्वाइंट खराब हो गए और चलना दूभर हो गया। थानागाजी क्षेत्र के 31 साल के फौजी ने इसी साल एक फरवरी एक हिप्स और 23 वर्ष के बांबोली के युवक ने अप्रैल में दोनों हिप्स रिप्लेसमेंट कराए हैं। इसके बाद ही उनका सही तरह चलना-फिरना संभव हुआ है। इन दोनों के कंधे और कलाइयों सहित पूरे शरीर के ज्वांइट्स में भी स्टेरॉयड के दुष्प्रभाव से ऑस्टियोपोरोसिस हो चुका है, जिससे ये भी खराब होने के कगार पर हैं। हिप्स रिप्लेसमेंट करने वाले अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश यादव बताते हैं कि शरीर के दूसरे ज्वांइट्स पर दुष्प्रभाव को कम करने के लिए इन दोनों युवाओं का उपचार लंबे समय तक चलेगा। जब ये दोनों अस्पताल पहुंचे तो इन्हें हिप्स के दर्द के कारण चलने में परेशानी थी। डायग्नोसिस किया तो हिप्स खराब हो चुके थे और दूसरे ज्वांइट्स में ऑस्टियोपोरोसिस हो चुका था। सबसे पहले चलने में परेशानी नहीं हो इसलिए दोनों के हिप्स रिप्लेसमेंट करने पड़े।

बॉडी बनाने के लिए फल व दूध का सेवन करें : अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. यादव बताते हैं कि युवा एक्सरसाइज करने के बाद ड्राई फ्रूट व फल खाएं और दूध पीएं। पनीर, सोयाबीन, राजमा, चीज में भी काफी प्रोटीन होता है और शरीर के लिए लाभदायक है। अंकुरित चने और मूंग भी फायदेमंद हैं।

विशेषज्ञों डॉक्टरों की सलाह

बॉडी बनाने के लिए फूड सप्लीमेंट खाने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

झोलाछाप डॉक्टरों से कोई भी दवा व फूड सप्लीमेंट नहीं लें। उन्हें दवा के दुष्प्रभाव और डोज के बारे में पता नहीं होता।

स्टेरॉयड लेने से ज्वांइट्स में ऑस्टियोपोरोसिस और ऑर्थराइटिस हो जाता है। यह पूरी जिंदगी भी सही नहीं हो पाता है।

बिना डॉक्टर की सलाह के दवा की दुकानों पर स्टेरॉयड नहीं मिलना चाहिए। आसानी से उपलब्ध होने के कारण ही इसका गलत इस्तेमाल हो रहा है।

लोग जागरुकता की कमी के कारण झोलाछाप के शिकंजे में आकर स्टेरॉयड खा रहे हैं। एक बार लेने के बाद उसे आदत बना लेते हैं।

खबरें और भी हैं...