व्यापारी से लूट का आरोपी तीसरे दिन भी पुलिस गिरफ्त से दूर
बदमाशों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित कर दबिश देने भेजी
भास्कर न्यूज| बहरोड़
अनाज मंडी के व्यापारी को पिस्टल दिखाकर 4.50 लाख रुपए लूट की घटना के तीसरे दिन बुधवार को भी खुलासा नहीं हुआ। जिससे व्यापारियों में रोष बना रहा। हालांकि पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर टीम भेजकर बदमाशों की तलाश करना बता रही है। उधर व्यापारियों ने मंडी में कागजात चालू रखा। दरअसल मंडी के व्यापारी कुलदीप यादव सोमवार को बैंक से साढ़े चार लाख रुपए निकाल कर बाइक से मंडी जा रहा था। मंडी से सौ मीटर पहले स्लेटी कलर की कार सवार दो बदमाशों ने बाइक के टक्कर मारकर व्यापारी को नीचे गिरा दिया। जिसके बाद रुपयों से भरा थैला छीनने पर व्यापारी ने विरोध किया।
बदमाशों ने पिस्टल निकाल कर धमकाते हुए 4.50 लाख रुपयों से भरा थैला लूट कर कार से अलवर की ओर भाग गए। घटना को लेकर व्यापारियों ने मंडी बंद रखकर धरना-प्रदर्शन किया। जिससे पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी करने का आश्वासन पर व्यापारियों ने तीसरे दिन कामकाज चालू किया। लेकिन तीसरे दिन भी बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर बने रहे। थाना अधिकारी भरतलाल मीणा ने कहा कि व्यापारी से रुपए लूट के बदमाशों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की गई। जिन्हें संभावित स्थानों पर भेजकर दबिश दी जा रही है। जिससे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।