रूपवास रेलवे अंडरपास व शांतिकुंज में सीमेंट का गेट बनवाने की मांग
अलवर | शांतिकुंज वेलफेयर समिति के पदाधिकारियों ने सांसद डॉ. करणसिंह यादव से मुलाकात कर शांतिकुंज व रूपवास के मध्य रेलवे अंडरपास और शांतिकुंज के मुख्य द्वार पर सीमेंट का गेट बनवाने की मांग की। समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद राजोरिया ने मांगपत्र में बताया कि शांतिकुंज, मालवीय नगर, प्रेमकुंज, रूपवास रोड, खूबा का कुआं रूपवास, पटरीपार तथा श्मशान घाट के पास कई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं, लेकिन पटरी पार श्मशान घाट जाने के लिए अंडरपास की जरूरत है। इस मामले में पहले जिला स्तरीय जनसुनवाई और यूआईटी में भी पत्र लिखकर मांग की जा चुकी है। इस मौके पर अध्यक्ष राजोरिया के साथ सचिव अशोक भगवती, राजेन्द्र अग्रवाल, प्रभुदयाल शर्मा, हरिराम मीणा, राजेन्द्र अग्रवाल, नरेन्द्र अग्रवाल, कमलेश गुप्ता, राजेश चौधरी, पुष्पेंद्र तंवर आदि मौजूद रहे।