- Hindi News
- National
- अलवर की बेटी की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली के डॉक्टर ने जुटाए 5.22 लाख रुपए
अलवर की बेटी की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली के डॉक्टर ने जुटाए 5.22 लाख रुपए
अलवर | दिल्ली के डॉक्टर संजय अग्रवाल ने अलवर की बेटी के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 5.22 लाख रुपए जुटा लिए हैं। अब 1.78 लाख रुपए की और जरूरत है। किडनी ट्रांसप्लांट हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल में 24-25 अप्रैल को होना है। बीमार बालिका की बड़ी बहन आराधना मिश्रा (22) उसे किडनी दान करेगी। क्रोनिक रीनल फैलियर स्थिति में पहुंची यह 11 वर्षीय बेटी तिजारा उपखंड के मायापुर गांव की रहने वाली है। रुड़की की दवा कंपनी में कार्यरत दिल्ली के डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मायापुर गांव निवासी संगीता को छह साल की उम्र में ही किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। सिक्योरिटी कंपनी एसआईएस में कार्यरत बालिका के पिता रामप्रसाद मिश्रा ने पहले स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों से परामर्श लिया और फिर जयपुर में डॉक्टरों को दिखाया। जयपुर के डॉक्टर की सलाह पर वे उसे लेकर चार साल पहले दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे। यहां उनकी प|ी डॉ. साधना अग्रवाल से परामर्श लिया। इस बालिका का इलाज नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. अग्रवाल की निगरानी में ही चल रहा है, लेकिन पांच महीने से इस बालिका पर डायलिसिस का असर नहीं हो रहा है। वह अब क्रोनिक रीनल फैलियर की स्थिति में है। किडनी ट्रांसप्लांट इसी महीने में होना है। इस बालिका की किडनी ट्रांसप्लांट एम्स दिल्ली में कराने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन वहां जुलाई से पहले की कोई किडनी ट्रांसप्लांट डेट नहीं मिली है। उन्होंने उसके लिए हैदराबाद के कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल में संपर्क किया तो वहां 24-25 अप्रैल की डेट तो मिल गई, लेकिन हॉस्पिटल ने इलाज का सात लाख रुपए का एस्टीमेट बनाकर दे दिया। यह राशि 9500 रुपए मासिक वेतन पर नौकरी करने वाले रामप्रसाद के लिए ज्यादा थी। डा. संजय अग्रवाल ने उसे हौसला दिया और स्वयं अपनी संस्था जिंदगी मिलेगी दुबारा फाउंडेशन के माध्यम से एक लाख रुपए दान देकर फंड बनाया। मंगलवार तक यह फंड 5.22 लाख रुपए हो गया है।