सूर्य नगर में जेडी हॉस्पिटल की मेडिकल दुकान के कर्मचारी भरत लाल शर्मा को बाइक सवार दो बदमाश केला खिलाकर उससे 1.50 लाख रुपए से भरा बैग पार कर ले गए।
वारदात गुरुवार दोपहर करीब 1.45 बजे दिवाकरी स्थित महिंद्रा कोटक बैंक के पास हुई। एनईबी थाने के एसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि महेश गर्ग पुत्र बाबूराम निवासी जेडी हॉस्पिटल सूर्य नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सुबह 11.15 बजे उसने हॉस्पिटल स्थित विकास मेडिकल और हॉस्पिटल का पैसा जमा कराने का काम करने वाले मूंगसका निवासी भरत लाल शर्मा को कोटक महिंद्रा बैंक की दिवाकरी शाखा में जमा कराने के लिए 1.50 लाख रुपए दिए। भरत शर्मा दोपहर करीब 1.45 बजे हॉस्पिटल से बैंक शाखा में पैसे जमा कराने गया। इस दौरान बैंक के पास उसके पास बाइक सवार दो व्यक्ति आए और उसे खाने के लिए दिया। केला खाने के बाद भरत लाल बेहोश हो गया। हॉस्पिटल में कार्यरत मुकुट बिहारी के पास भरत के बेहोश पड़ा होने की सूचना आई। इस पर हॉस्पिटल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और भरत को अचेत अवस्था में हॉस्पिटल लाकर भर्ती कराया। रिपोर्ट में लिखा है कि हॉस्पिटल कर्मचारियों को बैंक के सामने डिपोजिट पर्ची व थैला भरत के पास पड़ा मिला, लेकिन थैले में रुपए नहीं थे। रिपोर्ट में लिखा है कि या तो रुपए किसी ने निकाल लिए। थैले में हॉस्पिटल के नीले रंग के बैग में 100 रुपए की 5 एवं 500 के नोट की दो गड्डियां थी।