प्रतापगढ़| ग्राम पंचायत आगर में आए दिन मासूम बच्चों पर बंदरों हमलों के मामले में राजस्थान बाल संरक्षण आयोग ने संज्ञान लेते हुए अलवर कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि आगर गांव में 14 फरवरी से 1 मई के बीच मासूम बच्चों पर बंदरों के हमले की एक दर्जन से अधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस संबंध में स्वामी विवेकानंद नवयुवक मंडल आगर के हेमशंकर सोमवंशी ने आयोग को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। इस पर आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलवर कलेक्टर को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बाल सरंक्षण आयोग ने कार्रवाई करने के साथ ही तथ्यात्मक रिपोर्ट 7 दिवस में आयोग के समक्ष पेश करने के आदेश जारी किए हैं।