अजमेर| राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अखिरकार शुक्रवार को वर्ष 2017 के दसवीं आैर बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में टॉपर्स की सूची एक साल बाद जारी कर दी। पिछले वर्ष दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में राज्यभर में सबसे ज्यादा अंक सवाई माधोपुर के मानटाउन की विद्या भारती माध्यमिक विद्यालय की अर्चना मीणा ने प्राप्त किए हैं। इसी तरह बारहवीं विज्ञान वर्ग में सवाई माधोपुर के डीएसएस एकेडमी सीनियर सैकंडरी स्कूल के राजीव सिंह नरूका, कला वर्ग में बूंदी के लक्ष्यद्वीप सीनियर सैकंडरी स्कूल की एंजिलीना नागपाल आैर वाणिज्य वर्ग में जयपुर की केएमडी पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा कृति वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यभर में अपना नाम रोशन किया है। टॉपर्स की इस सूची का बोर्ड के 19 लाख विद्यार्थियों को विगत एक वर्ष से इंतजार था। पिछले दिनों भास्कर ने “”19 लाख विद्यार्थियों को टॉपर्स का इंतजार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद बोर्ड हरकत में आया आैर यह सूची जारी कर दी।
दसवीं कक्षा में यह रहे द्वितीय व तृतीय स्थान पर : दसवीं में द्वितीय स्थान पर अलवर जिले के राजगढ़ स्थित श्लोम अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय की विजेता मीणा रहे। वहीं तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से चूरू के तारानगर स्थित श्री बीसी सरावगी आदर्श विद्या मंदिर की ममता शर्मा आैर बारां जिला स्थित छबड़ा के हैप्पी चिल्ड्रन स्कूल की छात्रा मुस्कान शर्मा रहीं।
प्रवेशिका परीक्षा : द्वितीय स्थान पर अलवर जिला के कोटकासिम स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय की छात्रा निकिता आैर तृतीय स्थान पर नागौर जिला के जसवंतगढ़ स्थित श्रीएसएमटी वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के हर्षित डुंखवाल रहे।
बारहवीं कक्षा वाणिज्य वर्ग : बारहवीं कक्षा वाणिज्य वर्ग में द्वितीय स्थान पर जयपुर के यश विद्या मंदिर सीनियर सैकंडरी स्कूल के गौरव भोजवानी आैर तृतीय स्थान पर जयपुर के बरकत नगर स्थित केएमडी पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा सोनम शर्मा रहीं।