पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पानी के लिए सड़क पर उतरे कांग्रेसी, विशेषज्ञ बोले 26 साल पहले हुआ था इतना बड़ा आंदोलन

पानी के लिए सड़क पर उतरे कांग्रेसी, विशेषज्ञ बोले-26 साल पहले हुआ था इतना बड़ा आंदोलन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जलदाय विभाग के मनु मार्ग स्थित कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पुलिस व कांग्रेस के नेताओं के बीच आपस में धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने दो बार पुलिस के बेरिकेडिंग को धक्का मुक्की कर हटा दिया। जलदाय विभाग की बाउंड्री पर लगे गेट पर पुलिस के सुरक्षा पहरे को प्रदर्शनकारी तोड़ नहीं पाए। जलदाय विभाग के बुजुर्ग कर्मचारियों का कहना है 1992 के बाद जलदाय विभाग में पहली बार इतनी जबर्दस्त पुलिस देखी गई। बाद मेंं अधिकारियों और कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल के बीच बातचीत हुई। इसमें कांग्रेस के आठ सूत्री मांग पत्र के एक एक बिंदु को जलदाय विभाग के अधिकारियों ने माना। जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता महेश चंद राठी ने समझौते घोषणा की। इस दौरान एडीएम सिटी महेंद्र मीणा, एसडीएम नीलाभ सक्सेना सहित जलदाय विभाग के एसई व अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। 10.30 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन सवा 12 बजे तक चला।

पूरे जिले में पानी की समस्या को देखने के बाद भी सरकार कदम नहीं उठा रही है। हमने 8 सूत्री मांग पत्र रखा है। इसे विभाग ने माना भी है। चंबल से पानी लाने की योजना पर भाजपा सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है। -टीका राम जूली, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी

हमारे पास भूजल व बारिश का पानी ही है। जिसका वितरण हम कर रहे हैं। पानी के अधिक ट्यूबवेल लगाकर शहर में पानी लाने का प्रयास किया जाएगा। जिससे शहर में पानी की समस्या नहीं रहे। फिलहाल हम अपने संसाधनों से लोगों को पानी पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इसे और बेहतर बनाया जाएगा। -महेश चंद राठी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता

अलवर. पानी की समस्या से पीड़ित महिला बच्चे को भी साथ लेकर आई। पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का मुक्की के दौरान बच्चा रोने लगा।

क्यों हुआ प्रदर्शन

शहर में पानी की मांग- 475 लाख लीटर, जलदाय विभाग के पास उपलब्ध पानी- 300 लाख लीटर, शहर में कम मिल रहा है पानी-175 लाख लीटर,

शहर में पानी के लिए अब तक प्रदर्शन- 100 से अधिक,

लीकेज के कारण- शहर में बह जाता है 12.5 लाख लीटर पानी,

लोगों को चाहिए प्रति व्यक्ति पानी - 135 लीटर प्रतिदिन, मिल रहा है - 85 लीटर प्रतिदिन, उपकरण खराब होने के कारण यह भी नहीं मिलता है, - समस्या- गंदा पानी, नलों में पक्षियों के अवशेष आना, उपकरण खराब होने पर ठीक नहीं होना, पानी के लिए शहर में मची मारामारी के बीच जन आक्रोश के कारण प्रदर्शन ।

जलदाय विभाग में 26 साल बाद इतनी पुलिस : प्रशासन की ओर से जलदाय विभाग को पुलिस छावनी का रूप दे दिया गया। जलदाय विभाग के बुजुर्ग कर्मचारियों ने बताया कि जलदाय विभाग में 1992 के बाद इतनी पुलिस तैनात की गई थी। 1992 में एक्सईएन जीके टंडन के समय इतनी पुलिस लगाई गई थी। तब डॉ जसवंत यादव ने कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया था। वे आज भाजपा में मंत्री हैं।

कांग्रेस की क्या मांग क्या कार्रवाई

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष टीका राम जूली व जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता के बीच समझौता मांग व कार्रवाई का आश्वासन।

1. 9 वाहनों से 50 टैंकर पानी की सप्लाई बढ़ाई जाए, कार्रवाई- सोमवार से 90 से 100 टैंकर पानी की सप्लाई करेंगे।

2. जिले में जलदाय कार्यालयों पर कंट्रोल रूम बने व मुख्यालय से संबंध हो- एईएन स्तर के सभी कार्यालयों पर कंट्रोल रूम बनाने की बात स्वीकार की।

3. लीकेज रुके व संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई हो- लीकेज बंद करेंगे। अधिकारियो पर एक्शन होगा।

4. पानी की पुरानी लाइन बदले- अगस्त तक बदलने का भरोसा

5. खराब पुरानी बोरिंगों को गहरा कराने- जांच कर काम किया जाएगा।

6. बंद पुरानी स्कीमों को दुबारा शुरू करें- कार्रवाई शुरू की जाएगी

7. 17 मई को दोपहर 12 से एक बजे तक नियंत्रण कक्ष पर तैनात डयूटी कर्मचारी को निलंबित करें। कार्यवाही का आश्वासन व दोपहर में कंट्रोल रूम के प्रभारी राजेश कुमार को एक्सईएन ने 17 सीसी का नोटिस जारी कर दिया।

8. चंबल का पानी लाने की योजना शुरू की जाए- कार्रवाई इस पर सरकार को पत्र लिखने का आश्वासन व राशि की मांग करते की बात कहीं।

पुलिस की मोर्चा बंदी को महिलाओं ने तोड़ा : नंगली सर्किल से पुतला दहन कर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जुलूस मनु मार्ग से आया। प्रदर्शनकारियों ने आते ही बैरिकेड हटाने का प्रयास किया। यहां पुलिस व प्रदर्शनकारियों में धक्का-मुक्की हुई। 10.30 बजे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को पीछे हटाते हुए पहले बैरीकेड को पार किया । पांच मिनट बाद जलदाय विभाग की ओर सड़क पर लगा दूसरा बैरीकेड भी पार कर लिया। बाद में पुलिस ने जलदाय विभाग की बाउंड्री के गेट के बाद पुलिस ने आगे नहीं जाने दिया। यहां प्रदर्शनकारियों ने जलदाय विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में बातचीत की।

गंदे पानी की समस्या को लेकर पहुंची वार्ड 11 की महिलाएं : कांग्रेस के प्रदर्शन के समय ही वार्ड 11 चावंड पाड़ी की महिलाएं गंदे पानी की समस्या को लेकर पहुंची। इन्होंने बोतल दिखाई। गंदे पानी से भरी ये बोतल कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जलदाय अधिकारियों को दिखाई।

खबरें और भी हैं...