गीता ज्ञान से जेल में दिया शांति व सद्भावना का संदेश
डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती एवं वैशाखी के मौके पर विश्व में शांति और सद्भावना की स्थापना के लिए भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान की ओर से केंद्रीय कारागार में गीता और शासन नीति विषय पर मंथन और चिंतन पर दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को शुरू हुआ। संस्थान के जिला अध्यक्ष डॉ.पंकज गुप्ता ने बताया कि पहले दिन रविशंकर ने समाज के उत्थान और व्यक्तित्व विकास के लिए गीता के कर्म विज्ञान के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि गीता हमें कर्म करने की प्रेरणा देती है, जिसके सहारे वह समाज में अपना बेहतर स्वरूप तैयार कर सकता है। रविवार को होने वाले कार्यक्रम में दिल्ली से भारत के विधि आयोग के सदस्य एवं गुजरात के पूर्व न्यायाधीश रवि आर त्रिपाठी और भारतीय चरित्र निर्माण संस्थान के संस्थापक रामकृष्ण गोस्वामी आएंगे। इस मौके पर समाज को जागरुक करने के लिए घर घर गीता जन जन गीता द्वारा जन चेतना विकास अभियान की योजना तैयार की जाएगी।