रोड पर 1 इंच डाल रहे डामर सरपंच ने जताया विरोध
डामरीकरण के दौरान डामर की मोटाई नापते अमायन के सरपंच।
अमायन से परघना तक रोड पर हो रहे डामरीकरण में अनियमितता को लेकर ठेकेदार पर लगाया आरोप
भास्कर संवाददाता | अमायन
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा अमायन से परघना तक बनाई जा रही चार किमी लंबी रोड में डामर की मात्रा कम डाली जा रही है। बुधवार को अमायन सरपंच जवान सिंह परिहार ने ग्रामीणों के साथ निर्माण की क्वालिटी सुधारने की मांग की है। सरपंच ने बताया रोड पर ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे डामरीकरण में एस्टीमेट के अनुसार 2 कोट तक 4 इंची डामर डाला जाना था। लेकिन ठेकेदार निर्माण में सड़क पर एक इंच डामर नहीं डाल रहे हैं, जिसके कारण यह रोड बरसात के दिनों में ही उखड़कर जर्जर हो जाएगी। जिससे ग्रामीणों को सड़क की मरम्मत से सुविधाएं प्राप्त नहीं होंगी।
3 किमी रोड कम्प्लीट
अमायन से परघना तक बनाई जा रही रोड का निर्माण कार्य लगभग 70 फीसदी पूरा कर लिया गया है। यह रोड तीन किमी तक बनकर तैयार हो चुकी है, जिस पर ठेकेदार ने कम डामर डालकर महज खानापूर्ति कर दी है। बता दें कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही रोड का निर्माण ठेकेदार दिनेश राजौरिया द्वारा कराया जा रहा है। गांव के अभिलाख सिंह ने बताया ठेकेदार रोड का निर्माण मनमाने तरीके से करा रहा है। लोगों ने जब विरोध किया तो ठेकेदार ने एस्टीमेट का हवाला दे दिया। हालांकि यह रोड एस्टीमेट के अनुसार नहीं बनाई जा रही है, इसलिए ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ी हुई हैं। रोड के ऊपर डामर की पतली परत डालकर लोगों के साथ शासन व प्रशासन को भी राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। जिसकी जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने भी प्रयास नहीं किए हैं।