पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • बिजली कटौती से परेशान स्थानीय लोगों ने की नारेबाजी

बिजली कटौती से परेशान स्थानीय लोगों ने की नारेबाजी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अमायन कस्बे में बिजली कटौती बढ़ने से व्यापारियों व रहवासियों को परेशानी हो रही है। कंपनी के अधिकारियों ने समस्या को लेकर जब ध्यान नहीं दिया तो बुधवार को बाजार में व्यापारियों ने एकत्रित होकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी के अधिकारी मेंटेनेंस का हवाला देकर बिजली की सप्लाई दोपहर के वक्त बंद कर देते हैं, जिससे भीषण गर्मी में घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लोगों को पानी की समस्या के साथ गर्मी से बचने के लिए पेड़ों के नीचे बैठना पड़ रहा है। जबकि रात में भी 11 बजे तक कटौती की जा रही है। नगर वासियों ने कंपनी के अधिकारियों को चेताया है कि समस्या का निराकरण जल्द ही नहीं किया गया तो वह विद्युत कार्यालय की घेराबंदी कर धरने पर बैठ जाएंगे।

मनमानी

अमायन में बिजली की गड़बड़ाई हालत के कारण गर्मी से बेहाल हो रहे रहवासी

20 दिन से बिजली की समस्या

नगर में पिछले 20 दिन से बिजली का संकट बना हुआ है। कंपनी अधिकारी कभी लाइनों में फॉल्ट का हवाला देते हैं तो कभी मेंटेनेंस का। दोनों ही सूरत में लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। बता दें कि सुबह छह बजे बिजली सप्लाई शुरू होने के बाद दोपहर तीन बजे बंद कर दी जाती है। इसके बाद 6 से 7 घंटे कटौती कर रात ग्यारह बजे बहाल की जाती है। ऐसे में बाजार में व्यापारियों का धंधा चौपट होने के साथ लोगों को गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि बिजली नहीं आने के कारण लाइट से चलने वाले उपकरण बंद रहते हैं। आटा चक्की, स्पेलर सहित अन्य उपकरण ठप हो जाते हैं। मगर विभाग के अधिकारियों ने नगरवासियों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया है।

बंद हुई पानी की सप्लाई

नगर के लोगों की प्यास बुझाने के लिए पीएचई द्वारा मेला वाले हनुमान मंदिर के पास स्कीम बोर लगाया गया है, जिससे समूचे कस्बे में पानी की सप्लाई पहुंचती है। लेकिन बिजली व्यवस्था गड़बड़ाने के बाद लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। व्यापारी रामलखन सोनी ने बताया बाजार में बिजली गुल होने के बाद ग्राहक नहीं आते हैं। इतना ही नहीं भीषण गर्मी में बिना कूलर-पंखे के दुकानों पर बैठना मुश्किल हो रहा है। बिजली के अभाव में बाजार में व्यापारियों का धंधा भी ठप होता जा रहा है। मालूम हो कि मंगलवार को बिजली नहीं आने के कारण लोगों ने कंपनी के जेई को फोन लगाया तो उन्होंने बताया कि लाइन में फॉल्ट है, जल्द ही बहाल कर दी जाएगी। लेकिन देर रात तक बिजली की सप्लाई शुरू की गई। समस्या से जूझ रहे लोगों का कहना है कि बिजली व्यवस्था जल्द ही दुरुस्त नहीं की गई तो वह प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।

दोपहर में नहीं रहती बिजली

दोपहर के वक्त बिजली नहीं रहती है। कम वॉल्टेज और पल-पल ट्रिपिंग के साथ कुछ समय के लिए बिजली आती है, जिससे उपकरण भी खराब हो रहे हैं। -संजीव सोनी, व्यापारी, अमायन

मेंटेनेंस चल रहा है

आंधी के कारण टूटी हुई लाइनों का मेंटेनेंस कार्य किया जा रहा है, इसके कारण अमायन में बिजली की समस्या है। यह समस्या जल्द ही दूर की जाएगी। -रामगोपाल सिंह, जेई, बिजली कंपनी अमायन

खबरें और भी हैं...