अब की बार रोजे आने का संयोग 36 साल बाद, इबादत में गुजरेगा पाक महीना, पहला रोजा 15 घंटे का रहेगा
जिले में तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के करीब चल रहा है। रमजान का पाक महीना इस बार सबसे गर्म दिनों में आ रहा है। एक तो गर्मी, फिर रोजा भी सबसे लंबा होगा। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक 16 17 मई से रमजान शुरू हो जाएंगे। ऐसे में पहला रोजा ही 15 घंटे का रहेगा।
वक्फ बोर्ड स्थित मस्जिद के इमाम जुनैद ने बताया कि अलग-अलग जगह पर समय में कुछ बदलाव हो सकता है। दिन बढ़ने के बाद सहरी से लेकर इफ्तार का समय भी बढ़ेगा। तेज गर्मी के दौरान रोजे आने का यह संयोग 36 साल बाद बन रहा है। 1982 मई में पूरा रमजान बीता था। इस मुबारक महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग 30 दिन तक रोजे रखकर इबादत करते हैं। अभी शाबान का महीना चल रहा है। इसके खत्म होने के बाद रमजान का महीना शुरू होगा। चांद नजर आने के साथ ही तरावीह की नमाज भी शुरू हो जाएगी।
पाक महीना नेकी की राह पर चलने की सीख: इमाम जुनैद ने बताया कि यह महीना नेकी की राह पर चलने व गुनाहों से तौबा करने की सीख देता है। हर मुसलमान को पूरे माह के रोजे फर्ज है। रोजे के मायने केवल भूखे प्यासे रहना ही नहीं है। बल्कि खुद को उस हर बात से रोकना है, जिससे किसी को तकलीफ पहुंचे तथा जुबान से किसी की बुराई या ऐसी बात नहीं बोले जो किसी को बुरी लगे। अपने हाथों से कोई ऐसा काम नहीं करे जो किसी को नुकसान पहुंचाए, उन जगह पर नहीं जाए जहां पर गुनाह हो रहे हो, रोजे में अगर इन बातों की पाबंदी नहीं की तो रोजे रखने के कोई मायने नहीं है।
रमजान में जीवन को संवारने की मिलती है सीख| रमजान माह इस बात का प्रशिक्षण देता है कि इंसान अपने हाथों से किसी का बुरा नहीं करे। पैर कभी किसी का बुरा करने के लिए आगे नहीं बढ़े। कान से बुरा नहीं सुने, आंख बुरा नहीं देखें। किसी पर किसी प्रकार से जुर्म व ज्यादती नहीं करें। यह खास माह बताता है कि प्रशिक्षण में जो सीखा है उसे जीवन में उतारें तथा यह माह संयम और अध्यात्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की,लोगों के दुख-दर्द को समझने की, नेकी व इमान की राह पर चलने और जीवन को संवारने की सीख देता है।
मौलाना जुनैद
हर साल 10 दिन पीछे हो जाता है महीना
जुनैद ने बताया कि इस्लामी या अरबी कैलेंडर चंद्रमा पर आधारित है। इसमें अंग्रेजी कैलेंडर की तुलना में हर साल 10 या 11 दिन कम हो जाते हैं और हर महीना दस दिन पीछे हो जाता है। पिछले साल 27 मई को रमजान का महीना शुरू हुआ था। इस बार 17 से शुरू हो रहा है।