राज्यमंत्री का दर्जा देकर भाजपा व सीएम ने पूरे मुस्लिम समाज का किया सम्मान: रहीशा
वक्फ बोर्ड हरियाणा के चेयरमैन एवं राज्यमंत्री चौधरी रहीशा खान ने कहा कि हरियाणा में पहली बार वक्फ बोर्ड के चेयरमैन को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे मुस्लिम समाज का सम्मान है और इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भारतीय जनता पार्टी का आभार व्यक्त किया। चौधरी रहीशा खान बुधवार को कैंट हरियाणा वक्फ बोर्ड कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वक्फ संपत्तियों की पहचान के लिए सर्वे करवाया जा रहा है और अम्बाला सहित 8 जिलों में सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लगभग 20 हजार एकड़ वक्फ संपत्तियां हैं और इनमें से 4 हजार संपत्तियों पर विभिन्न न्यायालयों में केस लंबित हैं। उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों की लीज प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए 7 मई को दिल्ली में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुद्दा उठाया गया है। सेंट्रल वक्फ बोर्ड अधिनियम के नियमों में बदलाव करके इस प्रक्रिया को सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वक्फ की संपत्तियों से होने वाली आय को मुस्लिम समाज विशेषकर गरीब मुस्लिम परिवारों की बेहतरी पर खर्च किया जाता है ताकि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
गुरुग्राम में खुले में नमाज पढ़ने को लेकर उत्पन्न विवाद से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन और दोनों समुदायों के प्रयासों से मामले को हल कर लिया है। अब ऐसे 23 स्थानों की पहचान की गई है जहां नमाज अदा की जा सकती है। इसके अलावा ऐसे गांव और कस्बे जहां कब्रिस्तान व मस्जिद की व्यवस्था नहीं है, वहां भी वक्फ बोर्ड द्वारा यह सुविधा विशेष तौर पर उपलब्ध करवाई जा रही है। इस मौके पर वरिष्ठ विधि अधिकारी अहमद खान, प्रशासनिक अधिकारी इम्तियाज खिजर, लेखा अधिकारी मोहम्मद इजरायल, वक्फ अधिकारी अहमत खान, अयाज महमूद, वेलफेयर अधिकारी मोहम्मद मुबारक मौजूद रहे।
कैंट | वक्फ बोर्ड कार्यालय में बोर्ड के चेयरमैन रहीशा खान पत्रकारवार्ता करते हुए।