भाजपा से हर वर्ग है दुखी, वादा करके मुकर जाती है प्रदेश सरकार: मलौर
सिटी की नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों को संबोधित करते कांग्रेस नेता जसबीर मलौर।
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
पूर्व विधायक एवं आॅल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य जसबीर मलौर ने धरने पर बैठे सफाई कर्मियों को समर्थन देते हुए कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण समाज के सभी वर्ग सरकार के दुखी हैं। स्वच्छ भारत का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा समाज में स्वच्छता के कर्णधार सफाई कर्मियों की मांगों के प्रति गंभीर नहीं है। भाजपा को सफाई कर्मियों के साथ किए गए अपने वायदे पूरे करने चाहिए और उनकी मांगों को तुरंत मान लेना चाहिए।
अम्बाला में विकास को रोकने के लिए निगम को भंग करने का निर्णय लिया गया है जबकि कांग्रेस सरकार ने इस क्षेत्र के विकास के लिए अम्बाला को नगर निगम का दर्जा दिया था। कैथल में कष्ट निवारण कमेटी की बैठक में जिस तरह से एक वरिष्ठ अधिकारी को सरेआम प्रताड़ित किया गया, उससे सरकार के मंत्रियों का अंहकार और सरकार की कर्मचारी विरोधी सोच जगजाहिर हो चुकी है।