पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की जमानत से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर: शासन
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
पूर्व मंत्री निर्मल सिंह को जमानत मिलने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। इस पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश शासन ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है।
भाजपा नेता निर्दोष लोगों को फंसाने का काम कर रहे हैं। निर्मल सिंह पर मुकदमा दर्ज करना भी एक सोची समझी चाल है। जिसका कांग्रेस मुंह तोड़ जवाब देगी। निर्मल सिंह की जमानत की खबर सुनते ही कार्यकर्ता खुश हुए और उन्होंने एक-दूसरे को बधाई दी। पता चलते ही निर्मल सिंह के निवास स्थान पर कार्यकर्ताओं की लाइन लग गई।
उन्होंने कहा कि आखिर सच जीत ही गया और सच के कारण ही निर्मल सिंह को कोर्ट से जमानत मिल गई। उन्होंने कहा कि चाहे निर्मल सिंह हो या फिर एसडीओ वेदपाल हो। मगर भाजपा की हर चाल के आगे जीत सच की हुई है। जहां हाईकोर्ट ने मंत्री अनिल विज के आदेश पर रोक लगा दी है, वहीं कोर्ट से निर्मल सिंह को जमानत मिल गई है।