अप्रवासी भारतीयों ने विधायक असीम गाेयल के शिक्षा प्रयासों को सराहा
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
लंदन में रहने वाले अप्रवासी भारतीयों ने हरियाणा सरकार के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की है। मुख्यमंत्री के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए विधायक असीम गोयल ने बताया कि अप्रवासी भारतीय जैनेंद्र सिंह राय और नरेश चोपड़ा मुख्यमंत्री के साथ-साथ गृहमंत्री से भी मिले और उन्होंने 150 बच्चों को स्पॉन्सरशिप और सहायता देने का ज्ञापन सौंपा। यह स्पॉन्सरशिप इस कार्यक्रम के तहत खर्च की जाएगी। सरकारी स्कूल में बच्चों के लिए विधायक द्वारा कई तरह की योजना पर काम किया गया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रदेश स्मार्ट वर्चुअल क्लास रूम की शुरुआत की गई थी।
विधायक द्वारा चलाई गई योजना प्रदेश में कर रही बदलाव
विधायक असीम गोयल द्वारा चलाई गई एक चिंगारी अब बदलाव की आग बन रही है। दिसंबर 2017 में विधायक द्वारा चलाया गया अंग्रेजी भाषा के कार्यक्रम में आर्थिक तौर से कमजोर 120 बच्चों को शामिल किया गया था और अब इनकी संख्या बढ़कर 200 हो चुकी है। विधायक असीम ने बताया कि यह संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है क्योंकि विधायक असीम गोयल के इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री और लंदन में रह रहे अप्रवासी भारतीयों द्वारा पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इस प्रयास को एक्सपर्ट द्वारा बहुत सराहा जा रहा है, लेकिन विधायक का कहना है कि अभी शिखर छूना बाकी है और उनका सपना है कि सरकारी स्कूल में पढ़ रहे हर बच्चे का स्तर प्राइवेट स्कूल में पढ़ रहे बच्चों से ऊंचा होना चाहिए। हरियाणा शिक्षा विभाग का एक दल प्रेमनगर सरकारी स्कूल में दौरे पर आया तो वहां की तरक्की देखकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई।