रतनहेड़ी में दामाद ने ससुरालियों पर किया हमला, सास रेफर
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
गांव रतनहेड़ी में सो रहे ससुरालियों पर दामाद ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 65 वर्षीय कमला देवी, ससुर गुरदयाल राम व साला सुनील गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर अवस्था में कमला देवी को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। हमले में घायल परिवार के अन्य लोगों को सिविल में उपचार किया जा रहा है।
कैंट सिविल अस्पताल में उपचाराधीन सेना से सेवानिवृत 70 वर्षीय गुरदयाल ने बताया कि बेटी शादी वर्ष 2009 में विजयपाल निवासी गांव डेहरा थाना बराड़ा के साथ की थी। शादी से उसकी बेटी के पास दो लड़कियां हैं। दामाद विजयपाल सेना में नौकरी करता था और जोकि लगभग 7-8 महीने पहले ही सेना से रिटायर्ड हुआ है। रिटायर्ड होने से पहले दामाद व बेटी डिफेंस कॉलोनी में रहते थे। सेवानिवृत होने के बाद वह बच्चों सहित गांव चला गया। गुरदयाल ने बताया कि जब से दामाद सेवानिवृत हुआ है तब से वह बेटी के साथ मारपीट करता रहता है। बेटी ने कई बार इस संबंध में बताया लेकिन घर बसाने के कारण वह अपनी बेटी को ही बार-बार समझाते रहे। 15 मई को जब उसकी घरवाली कमला देवी ने बेटी को फोन किया तो मामला कुछ गड़बड़ लगा इसलिए प|ी बेटी के घर चली गई। लेकिन कमला देवी ने फोन पर बताया कि बेटी को यहां से ले जाओ क्योंकि विजय पाल ने एक बार फिर उसके साथ मारपीट की है। गांव के मौजिज लोगों के साथ बेटी को गांव रतनहेड़ी ले आए थे। बुधवार 5 बजे जब सभी घर में सोए हुए थे तो दामाद विजयपाल दीवार फांद कर मकान के अंदर घुस गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान गुरदयाल व कमला देवी घर के बरामदे में लेटे हुए थे। विजय पाल ने हाथ में पकड़े धारदार हथियार से कमला देवी के सिर पर वार कर दिया। वह घायल होकर जमीन पर गिर गई, जब गुरदयाल बीच-बचाव करने आया तो विजयपाल ने हथियार से गुरदयाल की बाजू पर वार कर दिया। शोर सुनकर जब गुरदयाल का बेटा सुनील कुमार ऊपर के कमरे से नीचे आया तो विजयपाल ने उसे भी घायल कर दिया।