प्रश्न हल करने में बच्चों की मदद करेगी मैथ किट
अम्बाला सिटी| सरकारी स्कूलों में पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों को रुचिकर तरीके से किट का प्रयोग करते हुए खेल-खेल में मैथ के प्रश्न सिखाए जाएंगे। बच्चों को विषय जटिल और उबाऊ न लगें, इसे लेकर स्कूलों में मैथ किट से टिप्स दिए जा रहे हैं। बुधवार को सिटी बलदेव नगर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अम्बाला ब्लॉक वन टीचर्स को इस संदर्भ में ट्रेनिंग भी दी गई। मैथ किट संपर्क फाउंडेशन द्वारा दी गई। मीटिंग में खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के साथ संपर्क फाउंडेशन के जिला समन्वयक सतविंदर सिंह भी मौजूद रहे।
विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित विषयों के सिद्धांतों को प्रयोगों द्वारा समझाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विज्ञान एवं गणित किट्स उपलब्ध करवाई जाती थी, लेकिन अधिकतर स्कूलों में वह डिब्बों में ही बंद पड़ी मिलती थी। ब्लॉक के सभी 184 टीचर्स को चार चरण में ट्रेनिंग दी जा रही है। इस किट के जरिए पहली और दूसरी कक्षा के बच्चे भी न केवल संख्याओं, तुलनात्मक अध्ययन व जोड़ व घटाव आसानी से सीख पाएंगे बल्कि रुपए के लेन-देन, समय, महीनों और सप्ताह के दिनों को आसानी से हल कर पाएंगे।
सिटी बलदेव नगर के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ट्रेनिंग देते बीईओ।