गुरुद्वारे से लौट रही महिला को कार में लिफ्ट दी, 500 मीटर बाद कालका चौक छोड़कर गई तो चूड़ियां व पर्स गायब मिले
अम्बाला सिटी| 500 मीटर के सफर में कार सवार दो महिलाओं ने एक महिला के हाथों में पहनी दोनों चूड़ियां और पर्स उड़ा लिया। इसकी महिला को कानोंकान भनक तक नहीं लगी। वारदात को मंजी साहिब गुरुद्वारा और कालका चौक के बीच अंजाम दिया गया। हाथ खाली देखकर पीड़िता ने पुलिस को सूचित किया जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यमुनानगर मॉडल कॉलोनी की रहने वाली भूपिंद्र कौर का कहना है कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे वह ट्रेन में बैठकर यमुनानगर से अम्बाला के लिए रवाना हुई। कैंट स्टेशन पहुंचने के बाद वह ऑटो से बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा के लिए चली जो अम्बाला-राजपुरा हाइवे पर है। तब गुरुद्वारा में माथा टेकने के बाद वह ऑटो से मंजी साहिब गुरुद्वारा के पास आ गई और फ्लाईओवर के नीचे खड़ी हो गई। इसी दौरान फ्लाईओवर के नीचे एक कार में बैठी दो महिलाओं में से एक महिला ने उसे पंजाबी में आवाज देकर बुलाया जिन्होंने उसे कालका चौक छोड़ने की बात कही। तब वह कार में बैठ गई। जब वह कालका चौक उतरी तो उसके हाथ से सोने की चूड़ियां गायब थी। यही नहीं, उसका पर्स भी नहीं था जिसमें 1250 रुपए की नकदी व अन्य जरूरी कागजात थे। जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक कार जा चुकी थी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। कार में तीन लोग सवार थे। एक महिला की उम्र करीब 50 साल तो दूसरी ने घूंघट ओढ़ा था। कार का ड्राइवर 34 साल के आसपास लग रहा था।