ब्रह्मकुमारीज की कैंट शाखा में प्रेम की जादुई शक्ति विषय पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया गया कि प्रेम पत्थर को भी पिघला देता है। प्रेम की शक्ति किसी के भी जीवन को परिवर्तन कर सकती है।
ब्रह्माकुमारी शैली बहन ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कहा कि आज के दौर में मनुष्य ने प्रेम का विकृत रूप बना दिया है। इस कारण सामाजिक बुराइयां बढ़ती जा रही हैं और मनुष्य का जीवन निराशामय होता जा रहा है। आज प्रेम जो एक शक्ति है, आत्मा का वास्तविक गुण है, उसे एक कमजोरी बनाकर इंसान आंतरिक रूप से खोखला होता जा रहा है। मनुष्य स्वयं से व प्रेम के सागर परमपिता परमात्मा से सच्चा प्रेम भरा नाता जोड़कर, इस शुद्ध प्रेम की शक्ति से स्वयं को भरपूर कर सकते हैं। इस अवसर पर राजयोग की सुंदर अनुभूति भी करवाई गई। अम्बाला सबजोन की संचालिका राजयोगिनी कृष्णा दीदी ने सभा को आशीर्वचन देते हुए कहा कि आज कलयुग के दौरान हर व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से सशक्त होने की आवश्यकता है। तभी हर नर, नारायण व नारी लक्ष्मी बन इस सृष्टि को स्वर्ग बना सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य बहन नम्रता गौड़ ने कहा कि ब्रह्मा कुमारी बहनों के निस्वार्थ और आत्मिक स्नेह का लाभ लेते हुए यह स्पष्ट अनुभव किया है कि शुद्ध प्रेम की शक्ति सच में बहुत महान है। इनर व्हील क्लब की प्रधान बहन नीना मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान में बच्चों में बदलते व बिगड़ते हुए संस्कार चिंता का विषय हैं। नैतिक मूल्यों का पतन हर वर्ग में दिखाई दे रहा है। अत: उन्होंने सभी से लव के साथ लॉ को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के प्रधान भ्राता आरके शर्मा, एल्डर्स फोरम के प्रधान प्राण नाथ शर्मा, उद्योगपति बहन सुमन अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा से बहन कंचन, समाजसेवी चमन शर्मा, भारतीय सेना के ऑफिसर्स तथा शहर के गणमान्य व्यक्तियों सहित बड़ी संख्या में जनसाधारण भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत कुमारी जयंतिका ने सुंदर नृत्य से किया। एसएम अग्रवाल तथा आरती त्यागी ने मधुर गीतों से सभा को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन बीके प्रीति बहन ने किया।
कैंट दयाल बाग में ब्रह्माकुमारीज द्वारा ‘प्रेम की जादुई शक्ति’ सेमिनार के दौरान मंच पर मौजूद ब्रह्माकुमारी बहनें व कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालु।