अम्बाला सिटी | रमजान के महीने में सेना को गोली चलाने से रोकना सेना का मनोबल गिराने वाली बात है और पाक आतंकवादियों को सिर पर बैठाने वाली बात है, क्योंकि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। गुरुवार को एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्री हिन्दू तख्त के राष्ट्रीय प्रचारक वीरेश शांडिल्य ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर कुलवंत सिंह मानकपुर, लखविंद्र सिंह साधापुर, दीपक शांडिल्य, आदित्य पाहवा, बिल्ला शर्मा, सुभाष मेहता, सुरेश शर्मा भी मौजूद रहे। शांडिल्य ने कहा कि गृह मंत्री राजनाथ सिंह श्वेत पत्र जारी करे कि उन्होंने रमजान के महीने में सेना को गोली चलाने से क्यों रोका इसका मतलब स्पष्ट है कि कश्मीर में मुसलमान आतंकी है, जबकि उनकी नजरों में आतंकवादियों को कोई धर्म नहीं होता। राजनाथ सिंह का यह बयान शहीद सैनिकों के साथ और उन सैनिकों के साथ भद्दा मजाक है। शांडिल्य ने राजनाथ सिंह को पत्र भेजकर मांग की है कि इस बयान को वापिस ले। अगर वापस नहीं लेते तो एंटी टेरोरिस्ट फ्रंट इंडिया इसका जोरदार विरोध करेगा।