अम्बाला | गांव उगाड़ा में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण एवं चिकित्सा जांच शिविर चलाया जा रहा है। प्रथम दिन लगाए गए शिविर में गांव के सरपंच विकास बहगल सहित 50 से अधिक महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने योगाभ्यास किया। इस योगाभ्यास में डॉ. समिधा शर्मा और योग विशेषज्ञ संदीप मलिक ने विभिन्न योगासन करवाए। डॉ. समिधा ने आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में गांव की 30 से अधिक महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की और आवश्यकतानुसार दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। डॉ. समिधा ने योगाभ्यास से पूर्व प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग से न केवल व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि तन और मन की एकाग्रता में भी योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर व्यक्ति तनाव और मानसिक परेशानी से ग्रस्त है और इसके लिए दवाईयों के इस्तेमाल की बजाए योग क्रियाएं अधिक कारगर हैं। उन्होंने कहा कि योग जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर युवा वर्ग को नशे की लत से भी दूर रखा जा सकता है।