अम्बाला | प्रदेश में नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से डीसी, निगम कमिश्नर व एसपी को संयुक्त रूप से एक टीम बनाते हुए सफाई के कार्य को करने बारे आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को सहूलियत देने की दिशा में टीम को समन्वय बनाते हुए बेहतर तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है।
उन्होंने सफाई के कार्य में नगर निगम के अधिकारियों को एनजीओ को साथ लेकर इस कार्य को करने बारे कहा है। उन्होंने कहा कि एनजीओ को साथ लेकर इस कार्य को तेजी से किया जा सकता है। उन्होंने सफाई के इस कार्य को प्रात:काल के समय जल्दी करना चाहिए, क्योंकि उस समय सड़कों पर भीड़ नहीं होती तथा सुबह-सुबह सफाई होने से पर्यावरण भी शुद्ध रहता है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को ठेकेदार के माध्यम से रखे गए सभी कर्मचारियों को इस कार्य में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने बारे कहा है।