भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
सिटी सिविल अस्पताल में दवा लेने पहुंची एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को तलाश लिया जाएगा। यह मामला गांव सौंटी की कौशल्या ने दर्ज करवाया है।
उनका कहना है कि बीती 16 मई की सुबह उसके भाई की लड़की कर्मजीत कौर उसकी रिश्तेदार प्रकाशो के साथ अस्पताल में दवा लेने गई थी। कर्मजीत बचपन से उसके साथ रहती है। पर्ची बनने के बाद वह दवा लेने के लिए लाइन में खड़े थे।
तब रिश्तेदार प्रकाशो पानी पीने के लिए चली गई। इस दौरान वह कर्मजीत को खड़ा कर गई। जब प्रकाशो वापस लौटी तो कर्मजीत लाइन में नहीं मिली। जिसकी कई जगह तलाश की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। रिश्तेदारी में भी पूछा गया। मगर कर्मजीत का कोई सुराग नहीं लगा। इस पर पुलिस को शिकायत सौंपी गई। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।