पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Ambala
  • आजादी के संघर्ष में नेहरू व गांधी परिवार ने लाठी तक नहीं खाई: विज

आजादी के संघर्ष में नेहरू व गांधी परिवार ने लाठी तक नहीं खाई: विज

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे हजारों शहीदों की कुर्बानियों को भुलाकर देश की आजादी का श्रेय केवल महात्मा गांधी और नेहरू परिवार को दिया जाता रहा है।

विज शुक्रवार को अपने आवास पर शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादविंद्र सिंह संधू व उनके सहयोगियों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने शहीद भगत सिंह ब्रिगेड द्वारा युवाओं को शहीदों की कुर्बानियों और उनके जीवन दर्शन से जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने देश की शहीदों की अनदेखी का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने वर्ष 1980 में अपनी सामाजिक संस्था विकास परिषद के माध्यम से शहीदी दिवस का आयोजन किया तो जिला के किसी भी शिक्षण संस्थान में भगत सिंह की तस्वीर उपलब्ध नहीं हो पाई थी, जबकि महात्मा गांधी और पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीरें हर संस्थान में उपलब्ध थी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आजादी से लेकर अब तक देश में आरंभ की गई परियोजनाओं में से 95 प्रतिशत परियोजनाओं का नामकरण गांधी और नेहरू परिवार के नाम से किया गया है, जबकि आजादी के संघर्ष में इन दोनों परिवारों के किसी भी सदस्य ने न तो अंग्रेजों की गोली का सामना किया और न ही संघर्ष के दौरान इन्होंने कोई लाठी खाई है।

इस मौके पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पौत्र और भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादविंद्र सिंह संधू ने अनिल विज को एक क्रांतिकारी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने शहीदों को सम्मान दिलवाने के लिए शहीदी दिवस पर एक करोड़ के इनाम के दंगल की शुरुआत करवाई है।

खबरें और भी हैं...