अम्बाला| शुक्रवार को पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिंह ने नगर निगम अम्बाला सदर कार्यालय के गेट के बाहर पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की। निर्मल सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी निगम कर्मचारियों का समर्थन करते हैं। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी कांग्रेस पार्टी सदैव कर्मचारियों के साथ है।
कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद सबसे पहले ठेका प्रथा को बंद करेगी। मौजूदा सरकार नगर निगम को भंग करना चाहती है, लेकिन सरकार में मौजूद नेता यह नहीं जानते कि यदि निगम भंग होता है तो कितने युवाओं व लोगों के रोजगार छीन जाएंगे। अम्बाला का विकास रुक जाएगा, कई ग्रांट बंद हो जाएंगी, केवल अपने अहम के लिए निगम को भंग करवाने का फैसला लेने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कर्मचारियों से वादा किया कि सत्ता में आने के बाद किसी कर्मचारी को अपने काम के लिए आने की जरूरत नहीं होगी उनकी समस्या का हल खुद ही हो जाएगा। निर्मल सिंह ने मंत्री अनिल विज द्वारा निगम कर्मचारियों को बीते रोज गालियां देने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उस मंत्री की भाषा ही ऐसी है, कहां-कहां इसके कितने गुण गाए जाएं। अभी महिला कर्मचारियों ने साफ कहा कि इस मंत्री के आगे पीछे कोई नहीं है। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर दुर्गा सिंह अत्री, पार्षद जरनैल सिंह माजरा, परमजीत सिंह पम्मी, ब्रह्मपाल राणा, सुरेश त्रेहन, गगन डांग, ओंकार नाथी, सुभाष भाची, विजय गुम्बर, नरिंदर जैन, बुध प्रकाश कंसल, राजकुमार, बालकिशन, गोकुलेश अवस्थी इत्यादि उपस्थित रहे।