अम्बाला सिटी | कर्नाटक विधानसभा में बहुमत के फ्लोर टेस्ट पर भाजपा के ढाई दिन के सीएम बीएस येदियुरप्पा फेल हो गए। जिसके बाद अब कांग्रेस और जेडीएस कर्नाटक में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा के मंसूबों पर फिरे पानी के बाद कांग्रेस में खुशी की लहर है। कांग्रेसियों ने गांव डडियाना में मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
कर्नाटक के राजनीतिक नाटक पर कांग्रेस नेता हिम्मत सिंह ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने में कामयाब नहीं हो सकी। कई घंटों तक भाजपा ने विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए उनकी फील्डिंग लगाए रखी और बिना सोचे समझे येदियुरप्पा ने विधानसभा में सरकार बनाने का दावा ठोक दिया। परंतु जुमलेबाजों की टोली अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सकी। हिम्मत सिंह ने कहा कि कर्नाटक से भाजपा के पतन की शुरुआत हो गई और अब देश पूरी तरह से भाजपा मुक्त हो जाएगा। यह लोकतंत्र की जीत है। अति आत्मविश्वास के नशे में चूर मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने कभी भी नहीं सोचा होगा कि उनकी साजिश यूं औंधे मुंह धराशायी हो जाएगी। आज लोकतंत्र जीत गया और तानाशाही सोच हार गई।