राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म करने का प्रयास कर कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर भाजपा ने संवैधानिक व्यवस्था की भी धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने बताया कि पूर्व कानफैड चेयरमैन बजरंग दास गर्ग कांग्रेस में शामिल हो गए है और कांग्रेस पार्टी में रहकर जनता के हितों के काम करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कांग्रेस सरकार के आगे झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग भाजपा राज में दुखी है। चाहे वह व्यापारी हो या फिर किसान। आम जनता के हितों को भी सरकार ने दांव पर लगा दिया है। उन्होंने बताया कि किसानों की फसलों के सही दाम नहीं मिल रहे हैं जिसकी वजह से किसान की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो रही है। व्यापारी भी जीएसटी की मार झेल रहा है तो व्यापारी विरोधी नीतियों के कारण हर व्यापारी त्रस्त है। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार झूठ की बुनियाद पर खड़ी है। पीएम नरेंद्र मोदी किस तरह झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। यह कर्नाटक चुनाव में देश की जनता ने देखा है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने भ्रष्टाचार दूर करने का वायदा किया था, लेकिन भाजपा के राज में भ्रष्टाचार थमने की बजाए ज्यादा बढ़ा है।
दलितों का हो रहा है उत्पीड़न : भाजपा राज में सबसे ज्यादा दलितों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत एससी एसटी एक्ट को कमजोर किया गया। इसी वजह से अब दलितों पर अत्याचार होने की घटनाओं में इजाफा हुआ है।