घुमंतू श्रेणी का दर्जा देने की मांग को लेकर पाल गडरिया समाज ने सौंपा मांग पत्र
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
अखिल भारतीय पाल गडरिया महासभा हरियाणा ने पाल गडरिया समाज को हरियाणा में अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने व अपनी अन्य मांगों को लेकर सीटीएम को मांग पत्र सौंपा। इससे पूर्व महासभा की एक मीटिंग सोमनाथ सौंतली की अध्यक्षता में हुई। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष पवन पाल के नेतृत्व में प्रदर्शन कर जिला मुख्यालय तक जुलूस की शक्ल में पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नर सिंह पाल ने बताया कि आजादी के 70 वर्ष के बाद भी गडरिया समाज उपेक्षा का शिकार है और उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। 2014 में भाजपा ने गडरिया समाज को समर्थन दिया था और घोषणापत्र में अनेक वादे किए थे, लेकिन गडरिया समाज से किए वादे पूरे नहीं किए गए। मांग है कि सरकार अपने वादे अनुसार गडरिया समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किया जाए। इस मौके पर राष्ट्रीय सहसचिव ज्ञानचंद पड़वार, परमजीत पाल, धर्मपाल मंगौली, ओमपाल, गुलजार सिंह, प्यारे लाल आर्य, बलदेव प्रकाश पाल, सुमेर चंद पाल व राकेश पाल सहित अन्य मौजूद रहे।
सिटी में मांगों को लेकर नारेबाजी करते पाल गडरिया समाज के लोग।