विज्ञान एवं गणित किट के प्रयोग से बच्चे पढ़ाई में लेने लगे रुचि
अम्बाला सिटी | खंड के सरकारी स्कूलों में विज्ञान एवं गणित किट के इस्तेमाल को अनिवार्य किए जाने के बाद से विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि बढ़ने लगी है। इसके प्रयोग से ये दोनों जटिल एवं उबाऊ विषय अब सरल एवं रुचिकर होने लगे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा पिछले आठ माह से किए जा रहे विद्यालयों के निरीक्षणों के दौरान विज्ञान प्रयोगशालाओं की गतिविधियों पर विशेष नजर रहती थी। विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित विषयों के सिद्धांतों को प्रयोगों द्वारा समझाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा विज्ञान एवं गणित किट भी उपलब्ध करवाई जाती थी, लेकिन अधिकतर स्कूलों में वे डिब्बों में ही बंद पड़ी रहती थी। नए सत्र में न केवल शिक्षा विभाग द्वारा सत्र के शुरुआत यानी अप्रैल में ही विज्ञान एवं गणित दोनों विषयों की किट उपलब्ध करवा दी गई। बल्कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा भी सभी स्कूल मुखियों के माध्यम से विज्ञान एवं गणित विषयों के शिक्षकों को यह निर्देश जारी किए गए हैं कि वे विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित विषयों के पीरियड में विज्ञान एवं गणित किट का इस्तेमाल अवश्य करें।