भाजपा राज में पिछले 4 सालों में प्रगति और विकास के टूटे सभी रिकॉर्ड: आशीष तायल
कर्नाटक में भाजपा की सफलता से यह स्पष्ट है कि जनता ने नरेंद्र मोदी को 2019 की सत्ता अभी से सौंप दी है। यह बात अम्बाला जिला के पूर्व आईटी सैल संयोजक आशीष तायल ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में पिछले 4 सालों में प्रगति और विकास के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। देश प्रदेश में हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं विशेष रूप से चलाई गई है और सभी योजनाएं पूर्ण रुप से लागू किया गया है।
जनता को अधिक से अधिक फायदा मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए विधायकों, मंत्रियों और सांसदों को अलग-अलग रूप से जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लगभग 3 लाख करोड़ रुपए छोटी इकाइयों को शुरू करने या स्थापित इकाइयों के विस्तार के लिए जरूरतमंद उद्योगपति एवं व्यापारियों में आवंटित किए गए हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में देश प्रदेश में भ्रष्टाचार पर जबरदस्त नकेल कसी गई है और इसी का परिणाम है कि 4 सालों में देश में कोई भी घोटाला नहीं हुआ है। तायल ने कहा कि अम्बाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया ने भी अपने क्षेत्र के विकास करवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। चाहे वह हजारों करोड़ रुपए सड़कों के विकास में लगे हो या अम्बाला जिले को ट्रांसपोर्ट हब बनाने की तैयारी हो जिस पर केंद्र सरकार द्वारा अम्बाला जिले में कई लाख करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे या फिर अम्बाला रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने का कार्य चल रहा हो। कटारिया ने अपने लोकसभा क्षेत्र को चमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
आशीष तायल।