कर्नाटक में भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
अम्बाला| स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर प्रसन्नता जाहिर की है। अम्बाला सदर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने आज मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से अपनी खुशी का इजहार किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि कर्नाटक की इस जीत ने सिद्ध कर दिया है कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जीत को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाले कांग्रेस नेताओं को भी जनता ने उनकी जमीनी हकीकत से वाकिफ करवा दिया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मतदाताओं ने परिवारवाद की राजनीति के विरुद्ध जनमत किया है। क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी स्वयं को आने वाले प्रधानमंत्री तक घोषित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव 2019 के लोकसभा चुनावों का ट्रेलर था और परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि केंद्र में फिर से भाजपा बहुमत के साथ सत्ता हासिल करेगी।