अम्बाला सिटी | सिटी सेक्टर-7 पीर बाबा के पास दो युवकों ने एक युवक को धक्का देकर उसकी ऑल्टो कार लूट ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हुई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। खेती बाड़ी का काम करने वाले विशाल सेठी का कहना है कि 19 मई को उसके माता-पिता की मैरिज एनिवर्सरी थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपने दोस्त मंडौर निवासी निर्मल सिंह के साथ सेक्टर-7 पीर बाबा के पास फूल लेने गया था। पीर बाबा पहुंचने के बाद वे कार से नीचे उतर गए। पीछे से दो युवक आए और एक ने उसके हाथ से कार की चाबी छीन ली। यही नहीं वह कुछ समझता, तभी दोनों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। जिस कारण उसे चोटें पहुंची। इतने में वे दोनों युवक उसकी कार लेकर फरार हो गए। तब साथी निर्मल सिंह ने शोर मचाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। विशाल का कहना है कि जिस युवक ने उसके हाथ से कार की चाबी छीनी है, वह उसे सामने आने पर पहचान सकता है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब पुलिस ने विशाल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।