अम्बाला सिटी | सिटी बलदेव नगर में रहने वाली एक विवाहिता ने दो बहनों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करवाया है। आरोप है कि इनमें से एक महिला ने उसका रास्ता रोककर कहा कि वह अपने पति को बात करने से क्यों रोकती है। बस, इसी बात पर उनके बीच हाथापाई हो गई। तब दूसरी महिला ने विवाहिता के सिर पर किसी चीज से हमला कर दिया। जिस कारण वह घायल हो गई। यही नहीं उसके गले से सोने की चेन भी गिर गई और मोबाइल भी टूट गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने यह मामला अंजली शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया है। जो जग्गी सिटी सेंटर पर नौकरी करती है। आरोप है कि बीती 17 मई को वह चक्की पर आटा लेने गई थी। तब रास्ते में उसे दीपा नाम की लड़की ने रोककर कहा कि वह अपने पति गौरव को फोन पर बात करने से क्यों रोकती है। इस पर दोनों के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते वह हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि उसी दौरान दीपा की बड़ी बहन पूजा आ गई। जिसने उसके सिर पर किसी ठोस चीज से हमला किया। यही नहीं दोनों बहनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के बाद दोनों मौके से फरार हो गई। हमलावर बहनें बलदेव नगर की रहने वाली हैं। आरोप है कि इस दौरान उसके गले से 16 ग्राम की सोने की चेन गिर गई। उसका मोबाइल भी टूट गया। हमले में अंजली को अधिक चोट पहुंची है। उसे अस्पताल दाखिल कराया गया है।