भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
सक्षम हरियाणा कार्यक्रम को गति देने व अभिभावकों को उनके बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खंड अम्बाला वन के सभी 184 सरकारी स्कूलों में आयोजित पीटीएम यानि अभिभावक-अध्यापक महोत्सव में अभिभावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
खंड के स्कूलों में पढ़ने वाले 16802 बच्चों में से 11142 बच्चों के अभिभावकों यानि 66.3 प्रतिशत अभिभावक पीटीएम में पहुंचे। कई स्कूलों में तो अभिभावकों की उपस्थिति पूरे सौ प्रतिशत रही। गांव बकनौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सभी 272 बच्चों और इसी प्रकार राजकीय माध्यमिक विद्यालय लखनौर साहिब के सभी 67 बच्चों केे अभिभावक मीटिंग में पहुंचे। इसी तरह घसीटपुर, शाहपुर, मछौड़ा, प्रेमनगर और बलदेवनगर के स्कूलों में भी अभिभावकों ने शिरकत की। अभिभावकों ने अध्यापकों के साथ न केवल सक्षम हरियाणा कार्यक्रम, बच्चों के परीक्षा परिणाम और उनकी स्किल पास बुक पर चर्चा की बल्कि विद्यालयों में पौधरोपण भी किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि इस पीटीएम की सफल आयोजन में एसडीएम अम्बाला सतिंद्र सिवाच का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने न केवल अभिभावकों के नाम एक मार्मिक पत्र लिख उन्हें पीटीएम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया बल्कि खंड के सभी 14 क्लस्टरों के लिए 14 मॉनिटरिंग अफसर भी तैनात किए और क्लस्टर दुराना की स्वयं मॉनिटरिंग भी की। इसी तरह मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अर्चना गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा, तहसीलदार टीआर गौतम, बीडीपीओ प्रताप सिंह और बीईओ सुधीर कालड़ा ने इस कार्यक्रम की अलग अलग क्लस्टर में मॉनिटरिंग की। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी उमा शर्मा ने कहा कि अम्बाला वन ब्लॉक में अभिभावक-अध्यापक महोत्सव की सफलता से हम उत्साहित हैं।
दुराना स्कूल का निरीक्षण करते एसडीएम।