रोष जताते कंप्यूटर लैब सहायक।
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
रविवार को कंप्यूटर लैब सहायकों की राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें 23 मई को पंचकूला में शिक्षा सदन के सामने होने वाले अनिश्चितकालीन धरने-प्रदर्शन पर चर्चा की गई। राज्य प्रधान सुरेंद्र प्योंत ने कहा कि अपने रोजगार को लेकर पिछले कई वर्षों से लगातार संघर्षरत प्रदेश भर के कंप्यूटर टीचर्स और लैब सहायकों में बीते दिनों मुख्यमंत्री से हुई। बैठक में हल निकलने के आसार नजर आ रहे थे, मगर एक बार फिर से शिक्षा विभाग ने 5000 कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन देने की बजाय पुराना वेतन ही जारी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा 5 महीने बाद भी लागू न होने से कंप्यूटर टीचर्स व लैब सहायक संघ ने 23 को सामूहिक रूप से पंचकूला में शिक्षा सदन का घेराव व अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत हजारों कंप्यूटर टीचर और लैब सहायकों का अनुबंध इसी महीने में गर्मियों की छुट्टियों की शुरुआत होते ही समाप्त हो जाएगा। इससे पहले भी कई बार इनको घर बैठाया जा चुका है। नौकरी के नाम पर कभी 2 महीने तो कभी 6 महीने का अनुबंध बढ़ाया जाता है। लैब सहायक संघ के उपप्रधान अजैब राणू ने बताया कि पांच महीने बीते जाने के बाद भी मुख्यमंत्री के आदेशों की पालना विभाग द्वारा नहीं की गई जो बेहद चिंताजनक है। जिससे नाराज हजारों कर्मचारी एक बार फिर से जोरदार प्रदर्शन करेंगे।