भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी
नग्गल-जनसुई लिंक रोड पर मंगलवार झाड़ियों के पास पल्ली में बंधे मिले युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक की पहचान 19 वर्षीय शुभम के तौर पर हुई है जिसकी मौत नशे के ओवरडोज से हुई है। हालांकि इसे लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।
पुलिस की प्राथमिक जांच में यही खुलासा हुआ है। मामले में पुलिस ने कांशी नगर के तीन युवकों विशाल भाटिया, हार्दिक वर्मा और वासु को गिरफ्तार भी किया है। मामले में धाराओं के फेरबदल की संभावनाएं जताई जा रही हैं। पुलिस ने गांव नग्गल के गुरजंट सिंह की शिकायत पर हत्या व साक्ष्यों को खुर्दबुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया था। गुरजंट के मुताबिक मंगलवार रात वह अपने दोस्त विक्रम कुमार उर्फ विक्की के साथ नग्गल-जनसुई लिंक रोड पर घूम रहा था। तब उसे पुलिया के पास दुर्गंध आई तो मोबाइल की टॉर्च जलाकर झाड़ियों में देखा। वहां एक रस्सी से बंधी भारी-भरकम पल्ली नजर आई। उसी समय उन्होंने पुलिस को सूचित किया। किसी तरह पुलिस ने पल्ली को बाहर निकालकर देखा तो उसमें एक बोरी के बीच युवक का अर्धनग्न शव नजर आया जिसकी किसी ने हत्या कर रखी थी। जांच में पाया कि मृतक 19 वर्षीय शुभम की गुमशुदगी काे लेकर बलदेव नगर थाने में केस भी दर्ज है। ऐसे में पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की तो तीन युवक पकड़ में आ गए।