अम्बाला सिटी| सिटी सेक्टर-7 में रहने वाले दवा कारोबारी पुनीत बत्रा को पंचकूला की समर एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड ने फ्लैट की खरीद-फरोख्त को लेकर 66 लाख का चूना लगा दिया। यही नहीं, फर्म कारोबारी को अपने वायदे मुताबिक फ्लैट भी मुहैया नहीं करवा पाई। इसे लेकर कारोबारी ने फर्म से जुड़े तीन पदाधिकारियों पर सिटी थाने में जालसाजी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करवाया है जिसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
दरअसल, पुनीत बत्रा का कहना है कि एक दिसंबर 2011 को उन्होंने पंचकूला सेक्टर-20 स्थित समर एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड में एक थ्री बीएचके फ्लैट बुक किया था। यह फ्लैट उन्हें मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद भगई, डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन सुनीता भगई और डायरेक्टर फाइनांस वीरेंद्र भगई ने दिखाया था और उसे 67 लाख 70 हजार में देना तय किया था। चूंकि उसे फ्लैट पसंद था इसलिए उसने सिटी इलाहाबाद बैंक से 11 प्रतिशत ब्याज पर लोन लिया। फिर समर एस्टेट के पदाधिकारियों को 55 लाख 44 हजार 718 रुपए अदा कर दिए थे। आरोप है कि इन पदाधिकारियों ने दस लाख 50 हजार रुपए डेवलपमेंट के नाम पर भी वसूले थे। ये लोग आज तक निर्माण पूरा नहीं कर पाए और पिछले दो साल से वह उससे अधिक पैसों की डिमांड कर रहे हैं क्योंकि उसे बैंक का लोन अदा करना है, इसलिए वह मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं। जब भी वह पदाधिकारियों से बात करते हैं तो वह जवाब तक नहीं देते। अब इन्होंने फोन भी उठाने छोड़ दिए हैं। इधर, पुलिस ने पुनीत बत्रा की शिकायत मिलते ही फर्म के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।