कैंट के राजकीय काॅलेज की ओर से विद्यार्थियों व स्टाफ ने स्वच्छता को लेकर जागरुकता रैली निकाली।
भास्कर न्यूज | अम्बाला
कैंट स्थित गवर्नमेंट पीजी काॅलेज के विद्यार्थियों में भारत सरकार की ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण योजना को लेकर उत्साह है। इस योजना के तहत भाग ले रहे 108 छात्रों ने आज जागरुकता रैली निकाली। रैली को रवाना करते हुए कॉलेज प्रिंसिपल प्रोफेसर पूनम वत्स ने बताया कि भारत सरकार ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान छात्रों को स्वच्छ भारत का हिस्सा बनाने के लिए यह योजना शुरू की गई है। इस योजना के लिए पंजीकृत छात्र गांव में 100 घंटे बिताएंगे। इस दौरान वे गांव वासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान अर्जित अनुभव की एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट बना कर छात्र सरकार के पास जमा करवाएंगे। इस पूरे आयोजन के लिए कॉलेज के 6 प्रोफेसर की एक समिति बनाई गई है। समिति के सदस्य प्रोफेसर नायब सिंह ने बताया कि छात्र अपनी वार्षिक परीक्षा खत्म होते ही इस प्रोजेक्ट में लग गए हैं। छात्रों के दल अपने अलॉट किए गए गांवों में लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इस समिति में प्रो. सोहन लाल, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. अंजू तंवर, प्रो. मोनिका व प्रो. ममता भी शामिल हैं।