आरोपियों से कैथल के अलावा पंजाब, अम्बाला, कुरुक्षेत्र से चोरी के पांच ट्रैक्टर बरामद
भास्कर न्यूज | कैथल
सीआईए-वन पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कैथल के अलावा पंजाब, अम्बाला, कुरुक्षेत्र व नारनौल से चोरी किए पांच ट्रैक्टर बरामद हुए हैं। आरोपी इतने शातिर थे कि वे ट्रैक्टर चोरी करने के बाद किराए पर देकर रुपए कमाते थे। ट्रैक्टर पुराना होने के बाद स्पेयर पार्ट्स निकालकर बेच देते। किराए पर लेते समय किसान ट्रैक्टर की ज्यादा पड़ताल नहीं करते और ज्यादातर खेतों में चलने की वजह से पुलिस चेकिंग भी कम होती है इसलिए वे पुलिस से बचते आ रहे थे। वे ट्रैक्टर बेचने की फिराक में घूम रहे थे लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने जांच पड़ताल की तो चोरी का खुलासा हुआ। पुलिस ने गिरोह के सरगना धर्मसिंह उर्फ लड्डू व गुरचरण को दो दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि दो आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई।
सीआईए-वन इंचार्ज महाबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने रात को गश्त के दौरान रामथली रोड गुहला पर नाकाबंदी की हुई थी। पुलिस ने रामथली की तरफ जा रहे बिना नंबर के संदिग्ध स्वराज ट्रैक्टर रुकवाया जिस पर चालक सहित चार युवक सवार थे। पुलिस ने जांच की तो वह ट्रैक्टर 11 नवंबर 2017 की रात अनाज मंडी कैथल से चोरीशुदा पाया गया। ट्रैक्टर के इंजन व चैसी नंबरों से भी छेड़छाड़ कर बदलने का प्रयास किया गया था। पूछताछ पर आरोपियों की पहचान पंजाब के पटियाला जिले के गांव बुधमौर के रहने वाले धर्मसिंह उर्फ लाड्डू, गुरचंद व कृष्ण और कुरुक्षेत्र के गांव ईशाक के बंटी के रूप में हुई। आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कैथल अनाज मंडी से ट्रैक्टर चोरी किया था। चोर गिरोह का सरगना धर्मसिंह लड्डू बताया गया है।