पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

134ए दाखिला: दिया फर्जी इनकम सर्टिफिकेट, केस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | अम्बाला सिटी

134ए के तहत प्राइवेट स्कूल में एडमिशन के लिए किए गए फर्जीवाड़े का एक चिट्ठी ने खुलासा कर दिया। जो दूसरी कक्षा में एडमिशन ले चुके एक बच्चे के पिता से जुड़ा है। जिसने फर्जी इनकम सर्टिफिकेट बनवाया और बच्चे को प्राइवेट स्कूल में एडमिशन दिलवा दिया। जिसे लेकर स्कूल ने पिता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करवाया है। हालांकि बच्चा अभी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहा है।

दरअसल, कुछ दिन पहले सिटी गीता नगरी में रहने वाले तलविंद्र सिंह ने अपने बेटे का माइंड ट्री स्कूल की दूसरी कक्षा में एडमिशन करवाया। यह एडमिशन शिक्षा नियमावली 134ए के तहत हुआ था। जिसके लिए तलविंद्र सिंह ने विभाग को अपनी इनकम से जुड़ा सर्टिफिकेट भी दिया था। साथ ही शपथपत्र में कहा था कि उसकी सालाना इनकम 96 हजार रुपए है। लिहाजा स्कूल ने भी तलविंद्र सिंह के बेटे को तमाम औपचारिकताएं पूरी होने पर एडमिशन दे दिया था।

कुछ दिन पहले माइंड ट्री स्कूल में एक गुमनाम चिट्ठी पहुंची। जिसने बताया कि गीता नगरी में रहने वाले तलविंद्र सिंह ने अपनी इनकम का झूठा सर्टिफिकेट बनवाया है। उसकी सालाना इनकम भी 96 हजार से कई गुणा अधिक है।

स्कूल की रिसेप्शन पर चिट्ठी डालने वाले ने फोन किया और उसका स्टेटस जाना। लिहाजा फोन आते ही स्कूल पदाधिकारियों ने जांच शुरू की और मामले की जानकारी होने पर केस दर्ज करवाया।

कंपनी से पता चली इनकम

चिट्ठी पर विश्वास करते हुए स्कूल से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों ने तलविंद्र सिंह को लेकर पूछताछ शुरू की। पता चला कि वह एक ग्लोब ऑटोमोबाइल प्राइवेट कंपनी में काम करता है। इस पर स्कूल ने कंपनी में फोन लगाकर तलविंद्र सिंह की सालाना इनकम जानी। पाया कि तलविंद्र सिंह को प्रति माह 34 हजार 467 रुपए मिलते हैं और इस हिसाब से उसकी सालाना इनकम चार लाख 13 हजार 604 रुपए है। यह जानकारी स्कूल को कंपनी से आई मेल के मार्फत मिली। इसके बाद स्कूल ने पुलिस को सूचित किया।

बीपीएल को 134ए के तहत एडमिशन मिलना चाहिए। इनकम सर्टिफिकेट पर एडमिशन नहीं होना चाहिए, क्योंकि इस सर्टिफिकेट को बनवाने की प्रक्रिया भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है, जो सरासर गलत है। जिसके चलते असल में एडमिशन के हकदार बच्चे को एडमिशन नहीं मिल पाता। सौरभ कपूर, प्रेस प्रवक्ता, फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा।

134ए के तहत गलत इनकम सर्टिफिकेट देकर बच्चे का एडमिशन करवाने पर मामला दर्ज किया है। जिसकी जांच चल रही है। उसके बाद ही किसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। रजनीश कुमार यादव, इंचार्ज, बलदेव नगर थाना अम्बाला।

खबरें और भी हैं...