कैंट व जगाधरी मार्ग पर सोमवार को नेशनल हाईवे व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने केडी अस्पताल व अन्य जगहों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर पहुंची टीम ने केडी अस्पताल व आसपास के इलाकों की पैमाइश की। हालांकि इस दौरान नेशनल हाईवे की ओर से आए अधिकारियों के पास रोड से संबंधित दस्तावेज नहीं थे जिस पर एडीसी ने अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई।
दरअसल, कैंट-जगाधरी मार्ग को सिक्स लेन बनाने को लेकर पिछले कुछ समय से नेशनल हाईवे अथॉरिटी व प्रशासन द्वारा दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जे को हटाने काे लेकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रशासन की ओर से टीम ने जाकर मौके का दोबारा से निरीक्षण किया। क्योंकि इस मार्ग पर केडी अस्पताल पर कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर दुकानदारों में काफी रोष था। इसी को लेकर दोबारा से निशानदेही की जा रही है। इस दौरान सबसे खास बात यह रही कि केडी अस्पताल पर टीम द्वारा लगाए जा रहे निशान को एक व्यक्ति द्वारा मिटाया जा रहा था जिसको लेकर दुकानदारों में रोष व्याप्त हो गया और व्यक्ति को दुकानदारों ने पीटना शुरू कर दिया। मामले को बढ़ता देख प्रशासन ने पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह, एसडीएम सुभाष सिहाग, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी व तहसीलदार सहित पुलिस मौके पर मौजूद रही।
कैंट महेश नगर के दुकानदारों से नक्शे को लेकर बातचीत करते हुए एडीसी व एसडीएम।
कैंट महेश नगर के दुकानदारों द्वारा पकड़े युवक को पुलिस के हवाले करते हुए।